चंडीगढ , अक्टूबर 16 -- हरियाणा में सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने उत्तराखंड में अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधा है। उत्तराखंड में कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान उन्होंने कहा कि न्याय की मांग कर रहे पीड़ित परिवार की आवाज दबाने के बजाय सरकार को उन्हें इंसाफ दिलाना चाहिए।
कुमारी सैलजा ने आरोप लगाया कि अंकिता के माता-पिता अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं लेकिन उनकी मांगों पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें परेशान किया जा रहा है। उन्होंने मामले से जुड़े सभी आरोपों की स्वतंत्र और निष्पक्ष केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) जांच कराने की मांग की। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार निष्पक्ष जांच से क्यों घबरा रही है और दोषियों को बचाने की कोशिश क्यों की जा रही है।
सांसद ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर न्याय की लड़ाई में साथ देने का भरोसा दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस अंकिता भंडारी सहित उत्तराखंड की पीड़ित बेटियों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित