देहरादून , नवंबर 25 -- कांग्रेस नेता हरीश रावत ने उत्तराखंड की भाजपा सरकार पर अंकिता भंडारी हत्याकांड के आरोपियों को संरक्षण देने और उसके माता-पिता को न्याय नहीं दिलाने का आरोप लगाया है।

श्री रावत ने बुधवार के सोशल मीडिया एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि अंकिता के माता-पिता के धरने की जानकारी मिलने पर वह तत्काल देहरादून के गांधी पार्क पहुंचे और उन्हें अपना समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि माता-पिता का धरने पर बैठना इस बात का संकेत है कि मामले में न्याय की उनकी उम्मीद टूट चुकी है।

उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर वह वीआईपी कौन है, जिसके लिए अंकिता को अपनी जान गंवानी पड़ी। उनका कहना था कि अंकिता के चरित्र पर सवाल उठाने वालों के खिलाफ सरकार को स्वतः संज्ञान लेकर साइबर कानून के तहत कार्रवाई करनी चाहिए।

श्री रावत ने कहा कि यह केवल एक बेटी की हत्या का मामला नहीं बल्कि उसकी गरिमा को भी ठेस पहुंचायी जा रही है। सरकार का पहला कर्तव्य बेटियों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा करना है, लेकिन इस मामले में उनकी आवाज दबाने की कोशिश हो रही है।

उन्होंने कहा कि वह धरना स्थल पर किसी नेता के तौर पर नहीं, बल्कि एक पिता के रूप में पहुंचे थे और अंकिता के माता-पिता की पीड़ा को समझते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित