सहरसा, जुलाई 12 -- Saharsa News: सलखुआ, संवाद सूत्र। कोसी दियारा क्षेत्र में बीते दो दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण कोसी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से तटवर्ती गांवों के लोगों की चिंता बढ़ गई है। सलखुआ प्रखंड की अलानी, चानन और साम्हरखुर्द पंचायत से सटकर बहने वाली नदी की तेज धारा के कारण छोटी नालियों और निचले इलाकों में पानी फैलने लगा है। इससे ग्रामीणों को आवागमन सहित अन्य दैनिक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार चानन पंचायत के डेंगराही और सिसवा, अलानी पंचायत के बेंगाह-लताही, रंगीनियां व रेहरवा तथा साम्हरखुर्द पंचायत के खजुरबन्ना, कबीरपुर और बलदही गांवों के आसपास पानी का फैलाव तेजी से बढ़ा है। कई जगह नालियां उफान पर हैं और खेतों में भी पानी प्रवेश करने लगा है...