पाकुड़, जुलाई 24 -- Pakur News: महेशपुर। मानसून की बारिश रुक-रुककर होते रहने से खेतों में जल जमाव हो जाने की वजह से किसान मजदूरों की मदद से धान के बिचड़े की बुआई कार्य जोर-शोर से कर रहें हैं। बारिश होने से उमस भरी गर्मी से लोगों को जहां एक ओर राहत मिली। वहीं दूसरी ओर धान के बिचड़े की रोपाई को लेकर किसानों में राहत का माहौल दिखाई पड़ रहा है। उल्लेखनीय है कि महेशपुर प्रखंड क्षेत्र कृषि प्रधान इलाका है। यहां की आबादी के लगभग 70 प्रतिशत लोग कृषि पर आश्रित हैं। हर वर्ष की भांति इस वर्ष प्रखंड क्षेत्र में 10,000 हेक्टेयर भूमि पर धान की खेती करने का लक्ष्य निर्धारित है। इस संबंध में आत्मा के सहायक तकनीकी प्रबंधक अभिजीत कुमार शील से जानकारी लेने पर उन्होंने बताया कि अभी तक प्रखंड क्षेत्र में 2500 हेक्टेयर भूमि पर धान के बिचड़े की बुआई हो चुकी है। ...