नैनीताल, अगस्त 16 -- Nainital News: नैनीताल। कुमाऊं में भाद्रपद की पहली तिथि को घी त्यार यानी सिंह संक्रांति मनाई जाती है। इस वर्ष यह पर्व आज सोमवार को मनाया जाएगा। इस दिन घी खाने की परंपरा है। पंडित प्रकाश जोशी ने बताया कि घी त्यार पर घरों में उड़द की दाल से बेड़ू रोटी, पूड़ी, पुए और खीर बनाई जाती है। पिनालू के पत्तों की गाबे की सब्जी बनाने की शुरुआत भी इसी दिन से होती है। बुजुर्ग बच्चों के सिर पर घी या मक्खन लगाकर स्वस्थ और दीर्घायु होने का आशीर्वाद देते हैं। गांवों में झोड़ा-चांचरी का आयोजन भी होता है। इसे ओल्गिया पर्व भी कहा जाता है। किसान इस दिन फसलों के पहले फल, दूध-दही आदि देवी-देवताओं, पंडितों और रिश्तेदारों को भेंट करते हैं। बताया कि सिंह संक्रांति पर सूर्य पूजा, घी का सेवन और दान करने से सूर्य ग्रह मजबूत होने की मान्यता है।

हिं...