मुंगेर, जुलाई 28 -- Munger News: टेटियाबंबर, अजीत सिंह/ एक संवाददाता। हवेली खड़गपुर अनुमंडल के दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र के किसानों की वर्षों पुरानी उम्मीद रही गायघाट जलाशय परियोजना आज भी अधूरी पड़ी है। करीब 40 वर्ष पहले शुरू हुई इस महत्वाकांक्षी योजना पर 50 लाख रुपये से अधिक खर्च होने के बावजूद इसका निर्माण पूरा नहीं हो सका। परिणामस्वरूप क्षेत्र की 5 हजार से अधिक एकड़ कृषि भूमि अब भी सिंचाई सुविधा से वंचित है और किसान वर्षा पर निर्भर होकर खेती करने को मजबूर हैं। गायघाट जलाशय परियोजना का शिलान्यास वर्ष 1986-87 में तत्कालीन हवेली खड़गपुर विधायक सह खाद्य आपूर्ति एवं वाणिज्य मंत्री राजेंद्र प्रसाद सिंह के प्रयास से तत्कालीन जल संसाधन मंत्री लहटन चौधरी ने घंघरी नदी के वरमना टांड़ (हदहदिया) के समीप किया था। परियोजना के तहत एक हजार फीट से अधिक गहरी...