जहानाबाद, सितम्बर 10 -- Jahanabad News: अरवल निज प्रतिनिधि। अरवल जिले में गुरुवार से पूर्ण न्याय मंडल के रूप में न्यायिक कार्य शुरू हो गया। जिला सत्र न्यायालय एवं कुटुंब न्यायालय के शुरू होने से अब गंभीर आपराधिक, जमानत, पारिवारिक, वैवाहिक एवं भरण-पोषण से जुड़े मामलों के लिए जिले के लोगों को जहानाबाद नहीं जाना पड़ेगा। इससे लोगों के समय और पैसे दोनों की बचत होगी। जिला सत्र न्यायालय नहीं रहने के कारण गंभीर आपराधिक मामलों और जमानत के लिए लोगों को करीब 34 किलोमीटर दूर जहानाबाद जाना पड़ता था। वहीं, कुटुंब न्यायालय के अभाव में महिलाओं को पारिवारिक एवं वैवाहिक विवादों के मामलों में भी जहानाबाद की दौड़ लगानी पड़ती थी। अब इन मामलों की सुनवाई अरवल में ही होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...