हरिद्वार, जुलाई 30 -- Haridwar News: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में गुरुवार को दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) सेक्टर-4 में मानव तस्करी के विरुद्ध जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य छात्र-छात्राओं और आमजन को मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराध के प्रति जागरूक करना तथा बच्चों और महिलाओं के अधिकारों की जानकारी देना रहा। रैली को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं न्यायिक अधिकारी सिमरनजीत कौर, बाल कल्याण समिति की सदस्य सुनीता चौधरी और डीपीएस के प्रधानाचार्य अनुपम जगा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर मानव तस्करी के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया। सिमरनजीत कौर ने कहा कि मानव तस्करी समाज के लिए गंभीर चुनौती है और इससे निपटने के लिए जनजागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है। ...