बलरामपुर, अप्रैल 3 -- उतरौला। कस्बे में आयोजित श्री बालाजी महा विशाल भंडारा व रात्रि जागरण के दौरान लापता हुए ढाई वर्षीय बालक को उतरौला पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सकुशल ढूंढकर परिजनों को सौंप दिया। बालक के परिजनों ने 2 अप्रैल की देर रात थाना कोतवाली उतरौला में सूचना दी थी कि उनका बच्चा भीड़ में साथियों से बिछड़कर कहीं खो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए मिशन शक्ति टीम को खोजबीन में लगाया। टीम ने सोशल मीडिया व स्थानीय स्तर पर तलाश अभियान चलाया और बच्चे को कस्बे के बाहर एक चौराहे के पास से सुरक्षित ढूंढ लिया। पहचान दस्तावेजों से पुष्टि के बाद बच्चे को माता उर्मिला और पिता बब्लू को सुपुर्द कर दिया गया। इस पर परिजनों ने पुलिस का आभार जताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...