भागलपुर, मई 21 -- बिहपुर, संवाद सूत्र। बिहार राज्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर बुधवार को जेपी कॉलेज नारायणपुर के सभी 18 शिक्षकेत्तर कर्मचारी एकदिवसीय सामूहिक हड़ताल पर रहे। हड़ताल के कारण कॉलेज का कार्यालय कार्य प्रभावित रहा। वहीं सेमेस्टर पांच के कई विद्यार्थियों को प्रवेश पत्र लिए बिना ही वापस लौटना पड़ा। ज्ञात हो कि टीएमबीयू भागलपुर ने परीक्षा फॉर्म व प्रवेश पत्र से संबंधित तिथि 30 मई तक विस्तारित की है। जेपी कॉलेज शिक्षकेत्तर कर्मचारी संघ के अध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि कर्मचारी 15 सूत्री मांगों के समर्थन में हड़ताल पर हैं। उनकी प्रमुख मांगों में तृतीय एवं चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों का प्रोन्नति, एसीपी एवं एमएसीपी का लाभ, नवनियुक्त कर्मियों का वेतन भुगतान तथा पुरानी पेंशन योजना लागू करना शामिल है। ...