सहारनपुर, अगस्त 25 -- देवबंद। चलती ट्रेन से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए वेंडर मोहम्मद लईक (55) का 15 दिन बाद भी पता नहीं चल सका है। परिजन उसकी तलाश और गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए जीआरपी और देवबंद कोतवाली के चक्कर काट रहे हैं। मोहल्ला पीरजादगान निवासी लईक दिल्ली-फाजिलका इंटरसिटी एक्सप्रेस में वेंडर हैं। परिजनों के अनुसार 11 अगस्त को वह घर से ड्यूटी के लिए निकले थे और अंतिम बार भटिंडा रेलवे स्टेशन पर वेंडर की वर्दी में दिखाई दिए थे। सोमवार को वार्ड सभासद के साथ परिजन कोतवाली पहुंचे। पुत्र चाहत खान ने बताया कि 15 दिन से प्रयास के बावजूद गुमशुदगी दर्ज नहीं हुई। कोतवाली प्रभारी संदीप बालियान ने मामला जीआरपी का बताते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...