सोनभद्र, जून 17 -- सोनभद्र, संवाददाता। जनपद की साइबर पुलिस ने बुधवार को अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए फेसबुक पर फर्जी बैंक विज्ञापन दिखाकर 12 लाख रुपये की ठगी करने वाले दो शातिर साइबर अपराधियों को झारखंड के कोडरमा जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक पीओएस मशीन, चारपहिया वाहन, दर्जनों डेबिट-क्रेडिट कार्ड और चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। आजमगढ़ जिले के बरदह गांव निवासी एवं वर्तमान में जिला चिकित्सालय सोनभद्र परिसर में रहने वाले डॉ. प्रेम बहादुर गौतम के फेसबुक अकाउंट पर इंडसइंड बैंक के नाम से पेंशनरों से संबंधित एक फर्जी विज्ञापन दिखाई दिया। बैंक का आधिकारिक विज्ञापन समझकर उन्होंने लिंक खोलकर अपनी बैंकिंग और व्यक्तिगत जानकारी साझा कर दी। इसके बाद साइबर ठगों ने इंटरनेट बैंकिंग के जरिए उनके खाते से प...