बुलंदशहर, मई 20 -- खुर्जा जंक्शन चौकी क्षेत्र के ईजु मौजपुर गांव निवासी तेज बहादुर ने बताया कि उनका 18 वर्षीय बेटा प्रियांशु रेलवे मार्ग स्थित पंकज किराना स्टोर पर काम करता था। मंगलवार की दोपहर को प्रियांशु घर पर भोजन करने आया था। दोपहर करीब ढाई बजे वह पैदल ही दुकान पर जा रहा था। रेलवे ओवर ब्रिज के नीचे से रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान प्रियांशु किसी ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद जीआरपी और सिविल पुलिस मौके पर पहुंची व जांच पड़ताल की। वहीं सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए। मृत बेटे को देख परिजन बिलख उठे। वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह परिजनों को संभाला। वहीं, परिजनों ने आकस्मिक घटना होने के कारण पोस्टमार्टम करने से इन्कार कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...