सहारनपुर, मार्च 12 -- गागलहेड़ी। दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर बुधवार दोपहर एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकरा गई। हादसे में कार सवार बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया। पुलिस के अनुसार प्रभादेवी (91) पत्नी हंसराज निवासी देहरादून, हरियाणा के गुरुग्राम से किसी काम से लौटकर कार से देहरादून जा रही थीं। बुधवार करीब साढ़े तीन बजे जब उनकी कार थाना क्षेत्र के गांव हरियाबास के पास पहुंची तो अचानक अनियंत्रित होकर हाईवे की रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रेलिंग के कई पोल टूट गए और लोहे की रेलिंग कार के अंदर तक घुस गई। हादसे में प्रभादेवी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चालक रवि दयाल गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। ...