रांची, जून 6 -- मांडर, प्रतिनिधि। मांडर-बेड़ो मुख्य पथ पर बूढ़ाखुखरा के निकट शनिवार दोपहर लगभग दो बजे हुए सड़क हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी के अनुसार कैरो थाना क्षेत्र के खरता गांव निवासी 26 वर्षीय शीतल उरांव अपने एक रिश्तेदार के साथ बाइक से बेड़ो से घर लौट रही थीं। इसी दौरान बूढ़ाखुखरा के पास सड़क पर बने ठोकर (स्पीड ब्रेकर) के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में शीतल उरांव को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को मांडर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...