हरदोई, नवम्बर 15 -- सांडी, संवाददाता। शनिवार दोपहर लखपेड़ाबाग से बरेली की ओर जा रही एक डीसीएम में पीछे से बहता खून देखकर कस्बे के लोगों में आक्रोश फैल गया। तिरपाल से ढके वाहन को राहगीरों ने रोक लिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस दो लोगों के साथ डीसीएम को थाने ले आई। वाहन में दर्जनभर से ज्यादा भैंस को ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। इससे उन्हें चोटें आईं और खून बह रहा था। नागरिकों ने इसे स्पष्ट रूप से पशु क्रूरता बताते हुए आरोपितों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। डीसीएम में मौजूद लोगों ने बताया कि वे व्यापारी हैं। मेले से भैंसें खरीदकर बरेली ले जा रहे थे। उनके अनुसार उनके पास वैध दस्तावेज भी मौजूद हैं। एसएचओ राकेस यादव ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। उसके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से...