गाजीपुर, दिसम्बर 9 -- खानपुर (गाजीपुर)। जनपद के अधिकांश गांवों में भले ही सामुदायिक शौचालय बन चुके हों, लेकिन जिले के प्रमुख बाजार आज भी इस सुविधा से वंचित हैं। नेशनल हाईवे पर स्थित सिधौना बाजार और स्टेट हाईवे पर बसे अनौनी बाजार में अब तक सामुदायिक शौचालय की व्यवस्था नहीं हो पाई है। इसके कारण यहां आने वाले लोगों, खासकर महिलाओं और छात्र-छात्राओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गोरखपुर-वाराणसी नेशनल हाईवे पर स्थित सिधौना बाजार और अनौनी बाजार दोनों ही जिले के महत्वपूर्ण व्यापारिक केंद्र हैं। इन बाजारों से जौनपुर और वाराणसी सीमा के कई गांवों के लोग खरीदारी के लिए आते हैं। बाजारों में एक दर्जन से अधिक स्कूल होने के कारण यहां प्रतिदिन भारी भीड़ रहती है। बावजूद इसके करीब एक किलोमीटर लंबे इन बाजारों में एक भी सामुदायिक शौचालय नहीं है। ...