बोकारो, मार्च 6 -- इस्पातनगरी बोकारो में चौतरफा होलियाना माहौल के बीच मिथिला-मैथिलों की प्रतिष्ठित सामाजिक व सांस्कृतिक संस्था मिथिला सांस्कृतिक परिषद, बोकारो का होली मिलन समारोह धूमधाम से संपन्न हुआ। परिषद की ओर से नगर के सेक्टर- 4ई में संचालित मिथिला एकेडमी पब्लिक स्कूल में आयोजित होली मिलन में एक तरफ जहां खूब अबीर-गुलाल उड़ते रहे, वहीं घंटों पारंपरिक फगुआ गीतों की बौछार होती रही। ढोलक, झाल-मंजीरा और हारमोनियम के साथ परिषद की कीर्तन मंडली के कलाकारों ने फागुन-रस की ऐसी बौछार की कि उपस्थित सभी लोग उसमें सराबोर हो गए। कलाकारों ने फगुआ गीतों- बाबा हरिहरनाथ सोनपुर में खेले होली..., बिरज में होरी खेलत नंदलाल... मिथिला में राम खेलथि होरी..., खेले मसाने में होरी दिगंबर... आदि गीतों की झड़ी लगा दी। इस क्रम में आसपास का पूरा वातावरण होलीमय बना र...