सहारनपुर, मार्च 22 -- सहारनपुर। जिले में आंधी तूफान और बेमौसम की बारिश ने किसानों की अरमानों पर पानी फेर दिया है। गेहूं-सरसो की तैयार फसल गिरकर खराब होने के साथ सब्जियों और आम के बौर को भारी नुकसान हुआ है। हालात देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नुकसान का आकलन कराने और मुआवजा देने के आदेश दिए हैं जिस पर प्रशासन ने सर्वे शुरू कर दिया है। राजस्व और कृषि विभाग की टीमें गांव-गांव जाकर फसलों की स्थिति का जायजा ले रही हैं। अधिकारियों का कहना है सर्वे कार्य तेजी से पूरा कर रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी, ताकि प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा मिल सके। प्रशासन ने किसानों से अपील की है वे क्षति की सही जानकारी टीमों को दें। फसल बीमा के लिए बीमा कंपनियों के फोन भी खूब घनघना रहे हैं। किसानों को 72 घंटे में नुकसान की सूचना दर्ज कराने को कहा जा रहा है।...