कोडरमा, दिसम्बर 30 -- सतगावां, निज प्रतिनिधि। सतगावां थाना क्षेत्र अंतर्गत झारखंड-बिहार सीमा के समीप पोखरडीहा गांव के पश्चिम डोभा के बगल स्थित एक कुएं से मंगलवार को 45 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना पर गोविंदपुर थाना को अवगत कराया गया। थानाध्यक्ष विजय कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक की पहचान रोह थाना क्षेत्र के मोरवा गांव निवासी अर्जुन यादव (45 वर्ष) के रूप में की गई है। बताया गया कि अर्जुन यादव पिछले करीब 20 वर्षों से अपने ससुराल गोविंदपुर थाना क्षेत्र के सरकंडा गांव में रहकर खेती का कार्य कर रहे थे। उनके परिवार में पत्नी शंकुती देवी एवं तीन पुत्र हैं, जो बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। घटना के समय कोई भी पुत्र घर पर मौजूद नहीं था। ...