जौनपुर, मार्च 12 -- नगरपालिका के नवविस्तारित क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की कमी के चलते किस तरह की दिक्कतें आती हैं, इसे लतहरिया में बखूबी समझा जा सकता है। शहरी होने की खुशफहमी पाले बाशिंदों को कोई ढांढ़स देने वाला भी नहीं है कि उनके मोहल्ले की सड़क, नाली और सफाई के साथ बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याएं कब तक दूर होंगी। जर्जर सड़क और बिजली के पोल दुर्घटनाओं तो नालियां गंदगी के साथ बीमारियों का खतरा पैदा कर रही हैं। मुंगराबादशाहपुर नगरपालिका के वार्ड संख्या-7 के लतहरिया मोहल्ले में चौरा माता मंदिर के पास जुटे बाशिंदों ने 'हिन्दुस्तान' से बातचीत के दौरान कई समस्याएं साझा कीं। कृष्णा पटेल ने कहा कि मोहल्ले में नालियों की नियमित सफाई नहीं होती। उनमें जमा कचरे के कारण पानी का बहाव रूक जाता है। गंदा पानी सड़क पर फैल जाता है। आसपास के घरों के सा...