रांची, जुलाई 27 -- नामकुम, संवाददाता। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) की अखिल भारतीय कार्यसमिति की बैठक के दूसरे दिन रविवार को नामकुम स्थित सरला बिरला विश्वविद्यालय के सभागार में चार नई श्रम संहिताओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बीएमएस ने वेतन संहिता-2019 और सामाजिक सुरक्षा संहिता-2020 का समर्थन करते हुए उन्हें श्रमिक हित में महत्वपूर्ण बताया, जबकि औद्योगिक संबंध संहिता-2020 और व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्य परिस्थितियां संहिता-2020 के कई प्रावधानों पर आपत्ति जताई। संगठन का कहना है कि श्रमिकों के अधिकार, रोजगार की सुरक्षा और कार्यस्थल पर सम्मान सुनिश्चित करने के लिए इन प्रावधानों में संशोधन जरूरी है। बैठक में औद्योगिक संबंध संहिता के 13 तथा व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्य परिस्थितियां संहिता के 15 बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। ...