गोपालगंज, मार्च 28 -- थावे। एक संवाददाता थावे दुर्गा मंदिर में शनिवार को भी पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों का तांता लगा रहा। महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर के आसपास ईंट का चूल्हा बनाकर पूड़ी तैयार की और उसे माता को प्रसाद के रूप में अर्पित किया। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। थावे थानाध्यक्ष विभा कुमारी, अपर थानाध्यक्ष प्रीति राज, टीओपी प्रभारी धीरज कुमार सहित पुलिस बल भीड़ नियंत्रण में जुटा रहा। श्रद्धालुओं की आवाजाही देर शाम तक जारी रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...