प्रयागराज, दिसम्बर 29 -- माघ मेला में श्रद्धालुओं की यात्रा को आसान और सुरक्षित बनाने के लिए रेलवे ने 'मेला रेल सेवा' मोबाइल एप और टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर शुरू किया है। यह एप गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है और श्रद्धालुओं के लिए डिजिटल गाइड की तरह काम करेगा। एप पर ट्रेन टिकट बुकिंग, लाइव ट्रेन लोकेशन, प्लेटफॉर्म जानकारी, स्टेशन से संगम घाट तक का रास्ता, यात्री विश्राम स्थल, वेटिंग रूम, रेस्ट रूम और होटल की जानकारी उपलब्ध रहेगी। भीड़ में सामान खोने पर लास्ट एंड फाउंड की सुविधा भी दी गई है। आपात स्थिति में टोल फ्री नंबर 1800-4199-139 पर हिंदी और अंग्रेजी में सहायता मिलेगी। मंडल पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि यह सेवा मेला समापन तक जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...