गया, अप्रैल 10 -- गया जिले के शेरघाटी थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक नई स्कॉर्पियो गाड़ी को जब्त कर उसमें सवार छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई गुरुवार रात नई बाजार इलाके में की गई, जब झारखंड के हंटरगंज से गया की ओर जा रही गाड़ी को रोका गया। तलाशी के दौरान ड्राइवर सीट के नीचे से 750 एमएल अंग्रेजी शराब की एक बोतल बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 500 रुपये बताई गई है। इसके बाद पुलिस ने स्कॉर्पियो को जब्त करते हुए चालक समेत सभी छह लोगों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार लोगों की पहचान चालक सुधीर कुमार सहित पवन कुमार, प्रतीक कुमार, प्रवीण कुमार, सुधांशु कुमार और रवि कुमार के रूप में हुई है। सभी आरोपी अरवल जिले के करपी क्षेत्र के निवासी हैं। बताया जाता है कि ये सभी हंटरगंज में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे।...