शिवपुरी, जुलाई 23 -- जिले के रन्नौद थाना क्षेत्र के विजयपुरा गांव में गुरुवार को आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। जंगल में मवेशी चरा रहे दो बालकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में 25 मवेशी भी बिजली की चपेट में आ गए, जिनमें 17 भैंसें और 8 बकरियां शामिल हैं। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार, दोनों बालक गांव के पास जंगल में मवेशी चराने गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी। बिजली की चपेट में आने से दोनों बालकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उनके साथ मौजूद मवेशी भी इस प्राकृतिक आपदा का शिकार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही रन्नौद थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है...