शिमला, दिसम्बर 9 -- हिमाचल प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और बर्फबारी का इंतजार लगातार लंबा होता जा रहा है। मंगलवार सुबह भी राज्य में दिन की शुरुआत साफ मौसम के साथ हुई, जिस कारण शिमला, मनाली, कुफरी, डल्हौजी समेत पर्यटन स्थलों पर धूप खिली रही और दिन में ठंड से राहत मिली। मौसम विभाग ने 15 दिसंबर तक बारिश और बर्फबारी की संभावना से इनकार किया है, ऐसे में बर्फ का लुत्फ उठाने के लिए हिमाचल की वादियों का रुख करने वाले सैलानियों को अभी और इंतजार करना पड़ेगा। हालांकि रविवार रात रोहतांग दर्रे और ऊंची पहाड़ियों पर हल्की बर्फबारी दर्ज हुई थी, लेकिन प्रमुख हिल स्टेशनों शिमला, कुफरी, मनाली और डल्हौजी में अब तक सीजन की पहली बर्फबारी नहीं हुई है। ऐसे में पर्यटक मायूस होकर लौट रहे हैं। आमतौर पर दिसंबर के शुरुआती दिनों में राज्य के हिल स्टेशन बर...