मथुरा, सितम्बर 27 -- ठाकुर राधा दामोदर मंदिर क्षेत्र में दर्शन के दौरान बांग्लादेश से आए 72 वर्षीय श्रद्धालु के लापता होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में कोतवाली वृंदावन में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है। बांग्लादेश के पंचगढ़ निवासी आदित्य चक्रवर्ती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 50 श्रद्धालुओं के समूह के साथ वृंदावन दर्शन के लिए आए थे। 24 सितंबर को उनके समूह के सदस्य सुरेंद्र चंद्र (72) राधा दामोदर मंदिर क्षेत्र में दर्शन के दौरान बिछड़ गए। काफी तलाश के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका। लापता श्रद्धालु सफेद पैंट और सफेद शर्ट पहने हुए थे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर आसपास के क्षेत्रों में तलाश शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...