मेरठ, सितम्बर 16 -- मेरठ। युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उद्यमी बनाने के लिए चलाई जा रहे मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान में मेरठ की रैंकिंग लगातार नीचे खिसक रही है। वित्तीय वर्ष की शुरुआत में टॉप-10 में शामिल रहा मेरठ बाद में टॉप-20 में पहुंचा और अब 61वें पायदान पर लुढ़क गया है। योजना के तहत युवाओं को ऋण दिलाने की प्रक्रिया में जिले का प्रदर्शन महज 18 प्रतिशत रहने से रैंकिंग में यह गिरावट आई है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान का उद्देश्य युवाओं को अपना कारोबार शुरू करने के लिए बैंक ऋण उपलब्ध कराना है। इसके लिए आवेदन से लेकर बैंक स्तर पर ऋण स्वीकृति और वितरण तक की प्रक्रिया पूरी की जाती है। योजना में बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिले रैंकिंग में आगे रहते हैं, जबकि लक्ष्य के मुकाबले कम ऋण वितरण होने पर जिले की स्थिति नीचे आती जाती है...