जहानाबाद, अप्रैल 9 -- करपी, निज संवाददाता। स्थानीय थाना क्षेत्र के लोदीपुर गांव में शराब के नशे में अपने ससुराल पहुंचे सुजय पासवान को उसकी पत्नी ने ही पुलिस के हवाले करवा दिया। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पटना जिले के पालीगंज थाना अंतर्गत मिल्की गांव निवासी सुजय पासवान ससुराल पहुंचकर शराब के नशे में हंगामा कर रहा था। जिससे गुस्सा होकर उसकी पत्नी ने ही डायल 112 को फोन कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस लोदीपुर गांव पहुंची तथा शराबी को गिरफ्तार कर थाने लाई। उधर तेरा गांव निवासी सोना लाल कुमार को भी पुलिस ने शराब के नशे में गिरफ्तार कर लिया। दोनों को थाने में लाकर जांच की गई। शराब पीने की पुष्टि होते ही आगे की कार्रवाई के लिए न्यायालय भेज दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...