लखीसराय, मार्च 21 -- लखीसराय, एक प्रतिनिधि। शनिवार की सुबह ईद-उल-फितर का त्योहार ऐसी रौनक और अपनत्व के साथ मनाया गया, मानो हर दिल में मोहब्बत का दिया जल उठा हो। सुबह की पहली किरण के साथ ही मस्जिदों और ईदगाहों की ओर लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा। साफ-सुथरे,नए परिधानों में सजे लोग नमाज के लिए कतारबद्ध हुए, जहां अल्लाह के सामने सिर झुकाकर अमन, तरक्की और भाईचारे की दुआ मांगी गईं। शहर के बड़ी दरगाह मस्जिद समेत सभी प्रमुख ईदगाहों में एक साथ नमाज अदा कर एकता की मिसाल पेश की। नमाज़ के बाद का दृश्य अपने आप में अनूठा था। हर कोई एक-दूसरे से गले मिल रहे थे, ईद मुबारक की आवाजें फिजाओं में गूंज रही थीं। बच्चों के चेहरे पर नई पोशाकों की चमक थी तो युवाओं में उमंग और बुजुर्गों की आंखों में संतोष झलक रहा था। घरों में सेवइयों और पकवानों की खुशबू ने माहौल को और भ...