शाहजहांपुर, मई 23 -- शाहजहांपुर। जिले में अवैध मिट्टी खनन लगातार चल रहा है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक रातभर जेसीबी मशीनों से खेतों की खोदाई की जा रही है और दिन निकलते ही ओवरलोड डंपर व ट्रैक्टर-ट्रालियां सड़कों पर दौड़ने लगती हैं। हालात यह हैं कि कई इलाकों में खेत गड्ढों में तब्दील हो चुके हैं, जबकि धूल के गुबार और तेज रफ्तार वाहनों से लोगों का सड़क पर निकलना मुश्किल हो गया है। हथौड़ा चौराहे से आगे रेती रोड पर इन दिनों मिट्टी से भरे डंपरों की आवाजाही लगातार बढ़ गई है। मोहम्मदी रोड की ओर से आने वाले डंपर रेती रोड स्थित ईंट भट्ठे के पास चल रही प्लाटिंग और भराव कार्य के लिए मिट्टी ढो रहे हैं। डंपरों की तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग के कारण सड़क पर धूल का गुबार छा जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर पानी का छिड़काव तक नहीं कराया जा रहा,...