प्रयागराज, फरवरी 16 -- पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने सोमवार को नैनी के मड़ौका में मारे गए राजेश कुमार निषाद के घर पहुंचकर उसके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने संवेदना व्यक्त की और परिवार को ढांढस बंधाया। पूर्व महापौर ने हर संभव मदद का आश्वासन देते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। राजेश की मां ननकी देवी, पत्नी संगीता निषाद और भाई शेखर निषाद ने सुरक्षा, सहयोग और न्याय की मांग की। ठेकेदार राजेश निषाद की बीते शुक्रवार को गांव के ही सिपाही सुनील कनौजिया और उसके परिवार के लोगों ने पेशाब करने को लेकर हुए विवाद में सरिया से पीटकर हत्या कर दी थी। पुलिस 12 नामजद आरोपियों में सिपाही सहित सात को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...