धनबाद, मार्च 10 -- राजगंज थाना क्षेत्र में रविवार रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में सात लोग घायल हो गए। इनमें से दो की गंभीर स्थिति को देखते हुए धनबाद रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पहला हादसा राजगंज के दलुडीह स्थित दुलाल होटल के पास हुआ। यहां एक कार को पीछे से आ रहे गैस टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर मारकर टैंकर चालक मौके से फरार हो गया। बताया जाता है कि कार सवार लोग राजगंज के गलीकुल्ही निवासी सुरेंद्र राम व मणिशंकर राम के घर आए थे और गोविंदपुर स्थित संबोधी रिसोर्ट में एक पारिवारिक समारोह से लौट रहे थे। रास्ता भटकने के कारण वे ओवरब्रिज पार कर दलुडीह पहुंच गए थे। कार रोककर जब वे रास्ता देख रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक कंटेनर ने ब्रेक मारा, तो एक अन्य वाहन ने उसमें पीछे से टक्कर मार दी।...