इंदौर, जून 22 -- इंदौर शहर के शिशुकुंज इंटरनेशनल स्कूल में फूड प्वाइजनिंग की आशंका से हड़कंप मच गया है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम के बाद 100 से अधिक बच्चों के बीमार होने की सूचना सामने आई है। बच्चों में पेट दर्द, उल्टी, मतली और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लक्षण दिखाई देने के बाद अभिभावकों में चिंता और नाराजगी का माहौल है। जानकारी के अनुसार, शनिवार को स्कूल परिसर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान स्कूल मेस की ओर से बच्चों को भोजन परोसा गया। भोजन करने के कुछ समय बाद कई बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। प्रारंभिक तौर पर करीब 35 बच्चों के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन को ईमेल के माध्यम से शिकायत भेजी, लेकिन बाद में बीमार बच्चों की संख्या लगातार बढ़ती गई...