मुजफ्फरपुर, दिसम्बर 9 -- कुढ़नी। किशुनपुर मोहिनी टोले दर्जिया में सोमवार की देर रात को किसान राजेंद्र राय के घर में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर के लोगों को सामान बचाने का मौका तक नहीं मिला। जब तक फायर बिग्रेड की टीम मौके पर पहुंची तब तक सब कुछ बर्बाद हो चुका था। किसान के घर में रखी 20 हजार की नगदी, तीन क्विंटल गेहूं, एक क्विंटल सरसों, चावल, बर्तन, चौकी, बिछावन, लाखों के शीशम की लकड़ी, तीन भूसौल समेत लाखों की सामग्री बर्बाद हो गई। आग लगने से परिवार ठंड के दिनों में खुले आकाश के नीचे आ गया। सरपंच सतीश कुमार सिंह ने पीड़ित परिवार की क्षति का जायजा लिया और हल्का कर्मचारी को अवगत कराया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...