रांची, अप्रैल 11 -- मुरहू, प्रतिनिधि। मुरहू ग्राम सभा ने साप्ताहिक हाट-बाजार के संचालन का जिम्मा स्वयं संभालने के लिए जिला प्रशासन से अनुमति मांगी है। इस संबंध में ग्राम सभा की ओर से उपायुक्त को आवेदन सौंपा गया है। जानकारी के अनुसार गत 24 मार्च को मुरहू में आयोजित ग्राम सभा की बैठक में पेसा के प्रावधानों पर चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर वित्तीय वर्ष 2026-27 से हाट-बाजार का प्रबंधन ग्राम सभा द्वारा किए जाने का निर्णय लिया गया। इसके लिए 7 अप्रैल को एक प्रबंधन समिति का गठन भी कर लिया गया है। ग्राम सभा प्रतिनिधियों ने कहा कि इस पहल से स्थानीय स्वशासन मजबूत होगा और ग्राम सभा की आय में वृद्धि होगी। आवेदन पत्र पर ग्राम प्रधान हातु मुंडा, अध्यक्ष दिलीप मालवा एवं सचिव गौतम मुंडू सहित अन्य सदस्यों के हस्ताक्षर हैं।

हिंदी हि...