वाराणसी, जून 20 -- वाराणसी, कार्यालय संवाददाता। कैंट स्टेशन स्थित कोचिंग लाइन नम्बर-7 पर शुक्रवार को खड़ी कोयला लदी मालगाड़ी पर चढ़े विक्षिप्त को उतारने में आरपीएफ और जीआरपी के सिपाहियों के पसीने छूट गए। इस बीच एक सिपाही अरुण कुमार फिसलकर नीचे गिर गए। उन्हें हल्की चोट आई है। दोपहर लगभग तीन बजे कोयला लदे मालगाड़ी का लॉन्ग हाल रैक कोचिंग लाइन पर खड़ा था। इस दौरान एक निर्वस्त्र युवक वैगन के ऊपर चढ़ गया। ऊपर से गुजरते हाइटेंशन तार के कारण अनहोनी का अंदेशा देख रेलकर्मियों ने उसकी सूचना आरपीएफ को दी। आरपीएफ ने विभागीय कर्मचारियों से पावर सप्लाई बंद कराई। मौके पर पहुंचे जीआरपी के सिपाहियों ने युवक को उतारने का प्रयास किया। किसी तरह उसे पकड़ कर जीआरपी थाने लाया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...