किशनगंज, फरवरी 15 -- किशनगंज। संवाददाता मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने की दिशा में जिले में सतत प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ठाकुरगंज प्रखंड के तवलभीट्टा गांव में शनिवार को आंगनबाड़ी केंद्र पर माता बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य माताओं को पूर्ण टीकाकरण, किशोरियों के लिए एचपीवी वैक्सीन, गृह प्रसव मुक्त पंचायत की अवधारणा तथा परिवार नियोजन के प्रति जागरूक करना रहा। बैठक के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि स्वस्थ मां ही स्वस्थ समाज की नींव होती है और इसके लिए समय पर टीकाकरण, सुरक्षित प्रसव एवं संतुलित परिवार नियोजन अत्यंत आवश्यक है। प्रथम 1000 दिन और स्तनपान पर विशेष जोर माता बैठक के दौरान एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं ने माताओं को विस्तार से बताया कि गर्भधारण से लेकर बच्चे के दो वर्ष की आयु तक के पहले 1000 द...