बलिया, जनवरी 7 -- बांसडीहरोड। इलाके के पिपरपाती गांव की महिला की तहरीर पर पुलिस ने आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। पीड़िता विजय लक्ष्मी मिश्रा ने पुलिस को बताया है कि टकरसन गांव में स्थित उनकी पुश्तैनी मकान को कुछ लोगों ने जेसीबी से ध्वस्त कर दिया है। इस दौरान मकान में रखा घरेलू सामान भी नष्ट हो गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर टकरसन निवासी विजेंद्र यादव, उसके पुत्रों मोनू यादव, पंकज यादव व अरविंद यादव, तिखमपुर निवासी अनिल यादव तथा फेफना थाना क्षेत्र के अगरसंडा निवासी देवनारायण यादव के खिलाफ नुकसान करने और धमकी देने का केस दर्ज किया है। इस सम्बंध में एसओ वंशबहादुर सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से ...