सहरसा, जून 2 -- नवहट्टा, एक संवाददाता। मोहनपुर पंचायत के फेकराही गांव में मंगलवार दोपहर अचानक लगी आग से पांच परिवारों का घर जलकर राख हो गया। आग सबसे पहले मोहम्मद नाजिम के घर में लगी और देखते ही देखते आसपास के घरों तक फैल गई। घटना के समय सभी परिजन मजदूरी के लिए खेत गए हुए थे। आग की चपेट में आने से मो मुस्तफा, मो अताउल्लाह, मो सनाउल्लाह एवं मो अनस का घर भी पूरी तरह जल गया। पीड़ितों ने बताया कि आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। घटना में राशन, कपड़े, फर्नीचर तथा बेटी की शादी के लिए जुटाए गए हजारों रुपये मूल्य के सामान जलकर नष्ट हो गए। मुखिया राजेश रंजन उर्फ बौआ झा एवं स्थानीय लोगों ने अंचल प्रशासन से पीड़ित परिवारों को शीघ्र सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान...