संभल, अप्रैल 3 -- बैंकों में होने वाले घोटालों की खबरें अक्सर सामने आती रहती हैं, लेकिन संभल जिले के ग्राम बाराही से सामने आया यह मामला बेहद चौंकाने वाला है। यहां एक बैंक मैनेजर ने खाताधारक से एफडी (सावधि जमा) के नाम पर पांच लाख रुपये लेकर फर्जी एफडीआर जारी कर दी, जिसे बाद में बैंक ने मानने से ही इंकार कर दिया। आखिरकार पीड़ित को जिला उपभोक्ता आयोग की शरण लेनी पड़ी, जहां से उसे न्याय मिला। ग्राम बाराही निवासी रामौतार पुत्र बुद्धा ने 18 जुलाई 2022 को यूपी प्रथमा बैंक की बाराही शाखा में पांच लाख रुपये एफडी के रूप में जमा कराए थे। बैंक मैनेजर ने धनराशि प्राप्त कर उसी दिन सावधि जमा रसीद (एफडीआर) जारी कर दी, जिस पर खाता संख्या 88703148769804 अंकित था। इतना ही नहीं, शाखा प्रबंधक द्वारा इस एफडी का दो बार नवीनीकरण भी किया गया। जब एक अप्रैल 2023 को...