मेरठ, मार्च 14 -- साकेत आईटीआई मैदान में विश्व जागृति मिशन के तत्वावधान में चल रहे सनातन संस्कृति जागरण महोत्सव में शुक्रवार को प्रवचन देते हुए सुधांशु महाराज ने युवाओं को जीवन के महत्वपूर्ण मूल्यों पर चलने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जिस उम्र में अधिकांश लोग दोस्त बनाते हैं, उस समय सही मित्र का चुनाव करना बहुत आवश्यक है। बुरी आदत सिखाने वाला मित्र सच्चा दोस्त नहीं। उन्होंने कहा कि जो मित्र बुरी आदत, नशा या गलत रास्ते की ओर ले जाए, वह चाहे कितना ही मीठा बोले या पैसा खर्च करे, वह सच्चा मित्र और शुभचिंतक नहीं हो सकता। इसके विपरीत जो व्यक्ति कड़वा बोलकर भी गलत रास्ते से बचाए, वही वास्तविक मित्र होता है। उन्होंने कहा कि जो जीवनसाथी व्यक्ति को बुराइयों से बचा ले, उससे अधिक कीमती इस दुनिया में कुछ भी नहीं है। सही साथी जीवन को सही दिशा दे सकत...