मुजफ्फरपुर, मई 19 -- बिहार के सरकारी स्कूलों में शाम को स्कूल खत्म होने के बाद उसी स्कूल के छात्रों के लिए कोचिंग क्लास चलेगी। इसमें पढ़ाने वाले शिक्षकों को अलग से इंसेंटिव मिलेगा। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने सोमवार को इसकी घोषणा की। वह कलमबाग चौक स्थित मधुकर निकेतन में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विभाग की योजना स्कूल अवधि खत्म होने के बाद सरकारी स्कूलों को कोचिंग की तरह विकसित करने की है। स्कूल अवधि के बाद कोचिंग चलाने से पहले छात्रों और अभिभावकों से राय ली जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी। इसके लिए सभी डीईओ से भवनहीन और जर्जर स्कूलों की सूची मंगाई गई है। मुजफ्फरपुर के स्कूलों में बेंच-डेस्क में हुई अनियमितता के सवाल पर मंत्री ने कहा कि जांच कराते हुए दोषी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। ...