गोरखपुर, सितम्बर 29 -- गुलरिहा। जंगल सखनी के टोला मक्खनपुर में सोमवार रात बिस्तर पर सो रहे युवक को जहरीले सांप ने काट लिया। परिजन उसे देर रात मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां मंगलवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मेडिकल चौकी पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मक्खनपुर निवासी परदेशी का 21 वर्षीय पुत्र उदय सिंह निषाद मोटर मैकेनिक का काम सीख रहा था। सोमवार शाम काम से लौटने के बाद खाना खाकर वह बिस्तर पर सो गया। कुछ देर बाद उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन पहुंचे तो कमर पर सांप के काटने का निशान मिला। परिजन उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां मंगलवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उदय चार भाइयों में सबसे छोटा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...