भागलपुर, फरवरी 16 -- भागलपुर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। महाशिवरात्रि पर बाबा बूढ़ानाथ मंदिर में बारात का आयोजन तो नहीं हुआ, लेकिन शिव विवाह समारोह भव्य ढंग से संपन्न कराया गया। मंदिर के महंत शिवनारायण गिरि महाराज ने बाबा का विशेष शृंगार किया। इसके बाद धार्मिक रीति-रिवाज के साथ शिव-पार्वती विवाह की रस्में अदा की गईं। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। वहीं, आरती सेवा संघ की ओर से महाकाल मंदिर की तर्ज पर भव्य महाआरती का आयोजन किया गया, जिसने वातावरण को और भी दिव्य बना दिया। दीपों की ज्योति और मंत्रोच्चार के बीच भक्त शिव की आराधना में डूबे रहे। मंदिर के प्रबंधक वाल्मीकि सिंह ने बताया कि बाबा बूढ़ानाथ का पांच क्विंटल गंगाजल और 50 किलो दूध से अभिषेक किया गया। पूरे दिन मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान...