घाटशिला, अप्रैल 28 -- बहरागोड़ा। बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के माटिहाना के समीप एनएच 49 पर सोमवार की देर रात रफ्तार के कहर ने एक और मासूम जीवन को काल के गाल में धकेल दिया। एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने सड़क किनारे मौजूद लगभग 45 वर्षीय एक मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे उसकी घटना स्थल पर ही अत्यंत वीभत्स और दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई और सूचना मिलते ही बहरागोड़ा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुँचकर शव को अपने संरक्षण में लिया तथा कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गौर करने वाली बात यह है कि वर्ष 2026 के अप्रैल माह के शुरुआती 28 दिनों के भीतर ही बहरागोड़ा थाना क्षेत्र से गुजरने वाले एनएच 18 और 49 पर यह तीसरी बड़ी दुर्घटना है। ...