नगर प्रतिनिधि, सितम्बर 3 -- बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में बगहा-1 प्रखंड के भैरोगंज पंचायत के उप मुखिया और वार्ड सदस्य पति पर गोली चलाने के मामले में पंचायत विवाद का एंगल सामने आया है। गोलीबारी का आरोप पंचायत की मुखिया के पति पर ही लगा है। भैरोगंज थाने में इस संबंध में मुखिया पति मुन्ना दास उनके सहयोगी संदीप यादव सहित दो अन्य लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। बगहा एसडीपीओ निहार भूषण ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष सीता केवट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुखिया और उप मुखिया के बीच पंचायत की योजना को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस गिरफ्तार मुखिया पति समेत दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के आधार पर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है...