औरैया, जून 20 -- एक समय केवल अधिक उम्र और शराब सेवन से जुड़ी मानी जाने वाली फैटी लिवर की समस्या अब तेजी से युवाओं और बच्चों को भी अपनी चपेट में ले रही है। जिला अस्पताल और निजी चिकित्सकों के यहां प्रतिदिन ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ रही है, जिनमें जांच के दौरान फैटी लिवर की पुष्टि हो रही है। चिकित्सकों का कहना है कि बदलती जीवनशैली, शारीरिक श्रम में कमी और जंक फूड का बढ़ता सेवन इस बीमारी की प्रमुख वजह बनकर उभरा है। जिला अस्पताल में उपचार कराने पहुंचे आवास विकास कॉलोनी निवासी 32 वर्षीय अमित कुमार ने बताया कि कुछ दिनों से पेट में भारीपन और थकान की शिकायत थी। जांच कराने पर फैटी लिवर की समस्या सामने आई। वहीं शहर के नारायनपुर मोहल्ला निवासी 15 वर्षीय छात्र आदित्य को भी पेट दर्द और कमजोरी की शिकायत के बाद चिकित्सकों ने जांच कराई तो उसमें शुरुआती स्तर क...