औरैया, मार्च 16 -- अछल्दा, संवाददाता। दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर स्थित अछल्दा रेलवे क्रॉसिंग पर सोमवार सुबह फाटक देर से खुलने के कारण लंबा जाम लग गया। करीब आधे घंटे तक दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सोमवार सुबह करीब 8:50 बजे रेलवे फाटक बंद किया गया था। इसके बाद लगातार ट्रेनों के आवागमन के चलते गेट काफी देर तक नहीं खोला गया। इससे अछल्दा-फफूंद-बिधूना मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब 28 मिनट बाद सुबह 9:18 बजे फाटक खोला गया। फाटक खुलते ही बाइक सवार तेजी से आगे निकलने लगे, जिससे बड़े वाहन अपनी जगह से हिल भी नहीं सके और जाम की स्थिति और बिगड़ गई। इस दौरान पैदल राहगीरों को भी निकलने में दिक्कत हुई। जाम के चलते अस्पताल से दिलीपपुर गांव मरीज छोड़ने जा रही एक एंबुलेंस भी फंस गई।...